पीड़ित परिवार से मिले बसपा प्रदेश अध्यक्ष, दिए एक लाख रुपए!

बलिया : नरहीं थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को एक लाख रुपए की सहायता राशि दी और न्याय का भरोसा दिलाया।
शनिवार को विश्वनाथ पाल सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने आधे घंटे तक परिवार से मुलाकात की। बालिका के पिता ने दोषियों के लिए फांसी की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने इस जघन्य अपराध के लिए कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया। विश्वनाथ पाल ने एक महत्वपूर्ण खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2024 में इसी परिवार की बहू के साथ छेड़खानी हुई थी। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद स्थानीय नेता के दबाव में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उसी का नतीजा है कि आज उनकी बेटी की जान गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दुबहड़, फेफना, चितबड़ागांव, नरही और कोरंटाडीह से पुलिस बल तैनात था। सीओ सदर मोहम्मद उस्मान भी मौके पर मौजूद थे। कार्यक्रम में बसपा के हजारों कार्यकर्ता और सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। कोआर्डिनेटर घनश्याम खरवार, डॉ बलराम, हरिश्चंद्र गौतम समेत कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ