"जो महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।" योगी
(संवाददाता -अमित गौतम )
आजमगढ़, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में पर्यावरण एवं सामाजिक चेतना को समर्पित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एक मेगा कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान नारी सम्मान, राष्ट्र सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को एक सूत्र में पिरोते हुए सशक्त संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने बलरामपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराध में लिप्त एक अभियुक्त की गिरफ्तारी का ज़िक्र करते हुए कहा कि "जो महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।"उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में "राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक तत्वों को नष्ट किया जाएगा।"पर्यावरण की बात करते हुए उन्होंने धरती माता की रक्षा के लिए वृक्षारोपण को आवश्यक बताया, और कहा कि यह अभियान मातृत्व और प्रकृति दोनों के प्रति आदर का प्रतीक है। 'एक पेड़ मां के नाम' पहल का मकसद न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा देना भी है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में भाग लें और इसे एक जनआंदोलन बनाएँ। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, छात्र, समाजसेवी संस्थाएं, और स्थानीय जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कई स्थानों पर सामूहिक वृक्षारोपण किया गया।
0 टिप्पणियाँ