राष्ट्रीय खेल दिवस पर लखनऊ में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि, हर गांव में खेल मैदान का संकल्प।

हॉकी के जादूगर’ की स्मृति में खेल को जन-जन तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें हॉकी के जादूगर के रूप में याद किया गया, जिन्होंने भारतीय हॉकी को वैश्विक पहचान दिलाई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने ध्यानचंद जी के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी स्मृतियाँ आज भी युवाओं को प्रेरणा देती हैं। उन्होंने न केवल खेल को एक नई ऊँचाई दी, बल्कि देश को गौरव दिलाने का कार्य किया। प्रदेश सरकार ने इस अवसर पर खेल संरचना को मजबूत करने की दिशा में कई घोषणाएँ कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि—हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, हर विकासखण्ड स्तर पर एक मिनी स्टेडियम और जनपद स्तर पर एक पूर्ण स्टेडियम के निर्माण हेतु हम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। यह संकल्प न केवल ग्रामीण युवाओं को खेल के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित यह आयोजन खेलों के प्रति जन-जागरूकता और सम्मान का प्रतीक बन गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ