मेरठ। थाना जानी पुलिस ने गोकशी के आरोप में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गोकश वसीम कुरैशी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया है। गोकश के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से एक तमंचा और बाइक बरामद हुई है।थाना जानी क्षेत्र के नहर पुल के पास गौवंश के अवशेष मिलने पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में कई गोकशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी वसीम कुरैशी फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में थाना जानी की पुलिस टीम शेखपुरी बम्बा चौराहे पर वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की बाइक पर पेपला की तरफ से शेखपुरी बम्बा की ओर आ रहा था। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घायल कर गिरफ्तार किया।गिरफ्तार वसीम कुरैशी गाजियाबाद का रहने वाला है और थाना जानी में गौवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत वांछित था। वह शातिर अपराधी के तौर पर जाना जाता है।
0 टिप्पणियाँ