रात के वक्त बाइक सवारों ने किया हमला, पुलिस जांच में जुटी, जनता में आक्रोश!
मार्टिनगंज/आजमगढ़। ब्लॉक के सुरहन क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 9 बजे भाजपा ब्लॉक प्रमुख यशवंत शर्मा (38) पर चार अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हेलमेट पहने बाइक सवारों ने उन्हें घेरकर कट्टे की बट से सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब यशवंत अपने प्रतिनिधि को छोड़कर अकेले लौट रहे थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां CO फूलपुर किरणपाल सिंह, थानाध्यक्ष राकेश सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और नाराजगी का माहौल है।
0 टिप्पणियाँ