बड़ी खबर : बीजेपी नेता की हत्या, आंगन में सोते समय माथे के बीचोबीच मारी गई गोली — सुबह बहू ने देखा लहूलुहान शव!

नकुड़ के डिडोली गांव में बीजेपी नेता धर्म सिंह की गोली मारकर हत्या, माथे के बीचोबीच लगी गोली से घटनास्थल पर ही मौत — इलाके में दहशत।

सुबह बहू चाय देने पहुंची तो देखा लहूलुहान शव, पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ की जांच — हर कोण से पड़ताल जारी।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकुड़ क्षेत्र के डिडोली गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी अंबेहटा मंडल के उपाध्यक्ष 65 वर्षीय धर्म सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को तब अंजाम दिया गया जब धर्म सिंह अपने घर के आंगन में चारपाई पर सो रहे थे, जबकि परिवार के बाकी सदस्य कमरों में आराम कर रहे थे।
शनिवार की सुबह करीब 6:45 बजे उनकी बहू जब उन्हें चाय देने गई तो सामने का नज़ारा देखकर उसके होश उड़ गए। चारपाई पर खून से लथपथ धर्म सिंह का शव पड़ा था और माथे के बीचोबीच गोली का निशान साफ दिख रहा था। बहू की चीख सुनकर परिवारजन और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, जहाँ कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही एसपी देहात सागर जैन समेत पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पूरे इलाके की बारीकी से जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक धर्म सिंह के बेटे सुशील, जो भाजपा अंबेहटा मंडल के महामंत्री हैं, ने बताया कि रात करीब नौ बजे उन्होंने पिता को चाय दी थी और सबकुछ सामान्य था। रात के बाद सभी लोग कमरे में सो गए थे। सुबह बहू के चाय देने जाने पर घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और उनका परिवार 2014 से बीजेपी से जुड़ा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धर्म सिंह पहले बसपा से जुड़े हुए थे और बाद में बीजेपी में शामिल होकर मंडल उपाध्यक्ष के पद तक पहुंचे। उनकी पत्नी का 15 साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है। बेटी बोल और चल नहीं सकती। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि धर्म सिंह की हत्या गोली मारकर की गई है। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।
गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक जिम्मेदार पार्टी पदाधिकारी की हत्या घर के आंगन में कैसे हो गई और अपराधी अब तक फरार कैसे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ