आजमगढ़ : अंबेडकर पार्क में संविधान दिवस का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों को किया जागरूक!

संघमित्रा गौतम ने कहा— संविधान समानता, स्वतंत्रता और न्याय की आधारशिला; हर नागरिक इसके पालन का संकल्प ले! 
संवाददाता -धीरज वर्मा चौक आजमगढ़ 
आजमगढ़ : संविधान दिवस के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पार्क में पहुंचे और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों पर आधारित संदेश के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनकी विचारधारा, तथा संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किए। लोक कलाकारों द्वारा संविधान से जुड़े अधिकारों और कर्तव्यों पर गाए गए विशेष गीतों ने उपस्थित लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में जनपद के लोगों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बुद्ध और संत शिरोमणि रविदास की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर कृतज्ञता व्यक्त की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पहुंची संघमित्रा गौतम ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा— “भारत का संविधान सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता और न्याय का सर्वोच्च अधिकार देने वाली आधारशिला है। हर नागरिक को संविधान को समझना और उसके अनुसार चलना चाहिए।” उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी याद रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र समूहों, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर संविधान दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाया और यह संकल्प लिया कि संविधान की मूल भावना को समाज में अधिक से अधिक फैलाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ