मान्यता, मानदेय और प्रशासनिक दबाव जैसे मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा!
सरकार से अधिकारों की लड़ाई में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ एकजुटता का ऐलान!
संवाददाता -धीरज वर्मा चौक आजमगढ़
आजमगढ़ : रविवार को आर.एन. पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय वित्तविहीन प्रबंधकों की एक बड़ी और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश और जनपद स्तर से आए सैकड़ों प्रबंधकों व शिक्षाविदों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तविहीन विद्यालयों के समक्ष आ रही जटिल समस्याओं, प्रशासनिक बाधाओं, मान्यता से जुड़े नियमों, शिक्षकों के मानदेय, विभागीय उत्पीड़न और शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने की चुनौतियों पर गंभीर मंथन करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिजेश यादव ने कहा कि वित्तविहीन विद्यालय वर्षों से सरकार की उपेक्षा का शिकार हैं, जबकि ये विद्यालय सीमित संसाधनों में भी लाखों छात्रों को शिक्षा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार विद्यालयों की समस्याओं को लेकर शासन और प्रशासन के समक्ष आवाज उठा रहा है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एजाज अहमद खान और प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश यादव ने कहा कि सरकार को वित्तविहीन विद्यालयों के योगदान को समझते हुए उनके हित में ठोस नीति बनानी चाहिए। जिला प्रभारी वासुदेव राय और प्रवक्ता ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि जब तक प्रबंधक एकजुट नहीं होंगे, तब तक समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
बैठक में रामजी यादव, शिवजीत चौहान, चन्द्रिक यादव, सच्चिदानंद सिंह, लालजी यादव, सुरेंद्र यादव, शशांक वेदप्रकाश, विनोद यादव, जनमेजय यादव, सूर्यनारायन यादव सहित सैकड़ों उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सरकार से चल रही लड़ाई में वे पूरी मजबूती के साथ संगठन के साथ हैं। बैठक के अंत में वित्तविहीन विद्यालयों के अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
0 टिप्पणियाँ