विद्यार्थियों ने ड्रिल, मार्च-पास्ट व खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया अनुशासन और प्रतिभा!
मल्लखम्ब, जूडो-कराटे व जिम्नास्टिक्स रहे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण!
संवाददाता - धीरज वर्मा चौक आजमगढ़
आजमगढ़ : पब्लिक स्कूल में वार्षिक क्रीड़ा दिवस का भव्य और उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन, टीम वर्क और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएसपी व सीओ सिटी आजमगढ़ श्री शुभम तोड़ी के आगमन, स्काउट-गाइड के सम्मान और स्वागत गीत से हुआ। ध्वजारोहण, कबूतर व गुब्बारा विमोचन, मशाल रिले और अनुशासित मार्च-पास्ट के बाद क्रीड़ा महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया। प्रधानाचार्या रूपल पंड्या ने खिलाड़ियों को ईमानदारी और खेल भावना की शपथ दिलाई। नर्सरी से कक्षा 9 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों व ड्रिल प्रस्तुतियों में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हर्रिया के राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मल्लखम्ब रहा, वहीं समापन पिरामिड निर्माण, स्केटिंग, जूडो-कराटे और जिम्नास्टिक्स के रोमांचक प्रदर्शन से हुआ। अंत में प्रबंधक श्री सी. ए. मोहम्मद नोमान ने सभी अतिथियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर अजेन्द्र राय, वित्तीय एवं लेखा अधिकारी विश्वनाथ राम, खेलो इंडिया कोच प्रो. अमरजीत, डॉ. शफीउज्ज़मा व मोहम्मद आरिफ नसीम सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ