अंडर-19 वर्ल्ड कप: विहान मल्होत्रा के शतक से भारत का दबदबा, जिम्बाब्वे को मिला 353 रन का लक्ष्य।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 352 रन बनाए और जिम्बाब्वे को 353 रन का विशाल लक्ष्य दिया।
नई दिल्ली/बुलावायो। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया है। बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 352 रन बनाए और जिम्बाब्वे को 353 रन का विशाल लक्ष्य दिया।
भारत की ओर से विहान मल्होत्रा ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 107 गेंदों में सात चौकों की मदद से 109 रन बनाए। उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने महज 30 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 52 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने भी अहम योगदान देते हुए 62 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के के साथ 61 रन बनाए। कुंडू और विहान मल्होत्रा के बीच पांचवें विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी हुई।
अन्य बल्लेबाजों में ओपनर एरोन जॉर्ज ने 23 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे और आरएस अंबरीश ने 21-21 रनों का योगदान दिया। वेदांत त्रिवेदी ने 15 रन जोड़े। निचले क्रम में खिलन पटेल ने 12 गेंदों में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर भारत को 350 रन के पार पहुंचाया। कनिष्क चौहान तीन रन ही बना सके।
जिम्बाब्वे की ओर से टाटेंडा चिमुगोरो ने तीन विकेट झटके, जबकि पनाशे मजाई और सिम्बाराशे मुडजेंगेरे को दो-दो सफलता मिली। ध्रुव पटेल ने एक विकेट हासिल किया।
खबर लिखे जाने तक जिम्बाब्वे की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 ओवर में 3 विकेट पर 50 रन बना चुकी थी। भारत की इस मजबूत शुरुआत ने मुकाबले पर उसकी पकड़ मजबूत कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ