बालपुर खरैला में महाराजा त्रिपुरारी मिश्रा व राजमाता सुमित्रा देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण।

संवाददाता - राकेश गौतम आजमगढ़ 
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालपुर खरैला गांव में महाराजा पंडित त्रिपुरारी मिश्रा और राजमाता सुमित्रा देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण किया गया। प्रतिमाओं का अनावरण उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। यह प्रतिमाएं उनके पुत्र राजा संतोष कुमार मिश्रा द्वारा अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में स्थापित कराई गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान राजा संतोष कुमार मिश्रा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आज उनके जीवन में जो भी उपलब्धियां हैं, वे उनके माता-पिता के दिए संस्कार, त्याग और आशीर्वाद का ही परिणाम हैं। माता-पिता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से यह प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनसे प्रेरणा ले सकें।
प्रतिमा अनावरण के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि माता-पिता की प्रतिमा स्थापित करना भारतीय संस्कृति और संस्कारों की सजीव पहचान है। उन्होंने कहा कि माता-पिता ही जीवन की पहली पाठशाला होते हैं और उनके सम्मान से ही समाज की नैतिकता, परंपराएं और मूल्य सुरक्षित रहते हैं।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के विधायक दुर्गा प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ