सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के विशेखा गांव में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी का शव उसके ही घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान 16 वर्षीय सानिया पुत्री गयासुद्दीन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सानिया दोपहर के समय घर के एक कमरे में गई थी और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। काफी देर बीत जाने के बाद जब वह बाहर नहीं निकली तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए, जहां किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला।
घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में आ गए। प्रारंभ में उन्होंने मामले को पारिवारिक समझते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
0 टिप्पणियाँ