निजामाबाद क्षेत्र के फैजी मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. इरफान अहमद को गरीबों की निःस्वार्थ सेवा और उत्कृष्ट चिकित्सा कार्यों के लिए 26 जनवरी 2026 को जयपुर में भारत सेवा रत्न सम्मान अवार्ड से सम्मानित किया गया, जिसके बाद आजमगढ़ पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
संवाददाता- अबुल कैश निज़ामबाद
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत फरिहां बाजार स्थित फैजी मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. इरफान अहमद को उनके उत्कृष्ट चिकित्सीय एवं सामाजिक कार्यों के लिए भारत सेवा रत्न सम्मान अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 26 जनवरी 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रदान किया गया। डॉ. इरफान अहमद इससे पूर्व भी 15 अगस्त 2025 को YS फाउंडेशन की ओर से बवासीर के प्राचीन उपचार पद्धति क्षार सूत्र विधि से सफल ऑपरेशन करने के लिए राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित किए जा चुके हैं। भारत सेवा रत्न सम्मान मिलने के बाद जब डॉ. इरफान अहमद अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. इरफान अहमद के कार्यों से आजमगढ़ का नाम प्रदेश और देश स्तर पर रोशन हो रहा है। मीडिया से बातचीत में डॉ. इरफान अहमद ने कहा कि उनके अस्पताल में आने वाले गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को हर संभव सहायता दी जाती है और आगे भी यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि गरीबों की निःस्वार्थ सेवा के लिए ही उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है।
डॉ. इरफान अहमद ने यह भी बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश से इस वर्ष भारत सेवा रत्न सम्मान के लिए उनका नाम एकमात्र चुना गया था, जो जनपद के लिए गर्व की बात है।
स्वागत समारोह में दीदारगंज से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. कृष्णमुरारी विश्वकर्मा, रानी की सराय ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इसरार अहमद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ठेकमा भूपेंद्र सिंह मुन्ना, हरिमंदिर पाण्डेय, कामरेड हरिगेन पाण्डेय, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बृजभूषण उपाध्याय, प्रधान अबूबकर खान, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और हजारों की संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. इरफान अहमद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके सेवा कार्यों की सराहना की।
0 टिप्पणियाँ