सड़क सुरक्षा माह के तहत कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ।

सड़क सुरक्षा माह के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, जिसमें यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग और आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
संवाददाता - धीरज वर्मा चौक आजमगढ़ 
आजमगढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी महोदय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में परिवहन निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई सड़क सुरक्षा शपथ कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित का अहम विषय है और जिलाधिकारी महोदय द्वारा इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि देश में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे अनेक परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित होती है, खासकर जब परिवार का कमाऊ सदस्य दुर्घटना का शिकार हो जाता है।
इस अवसर पर जनपदवासियों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। कार्यक्रम में यह संकल्प भी लिया गया कि कलेक्ट्रेट परिवार स्वयं नियमों का पालन करेगा और समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इससे ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ