आजमगढ़ में 22 जनवरी को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का दौरा, प्रशासन अलर्ट।

22 जनवरी को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आजमगढ़ आएंगे, जहां वे संगोष्ठी, समीक्षा बैठक और ग्राम चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट और शाहगढ़ बाजार में प्रशासन ने साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है।
संवाददाता-राकेश गौतम आजमगढ़ 
आजमगढ़। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 22 जनवरी को आजमगढ़ जनपद के भ्रमण पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट परिसर और शाहगढ़ बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से हरिऔध कला केंद्र जाएंगे, जहां स्वामी सहजानंद सरस्वती पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रतिभाग करेंगे। इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में वे सठियांव विकास खंड के शाहगढ़ बाजार स्थित राम-जानकी मैदान के पास जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल होंगे।उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, वहीं प्रशासनिक अमला कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ