एटा में चौहरे हत्याकांड का खुलासा, बेटे ने ही माता-पिता, पत्नी और बेटी की ली जान।

एटा चौहरे हत्याकांड में बेटा कमल सिंह आरोपी निकला, पुलिस ने किया खुलासा।
पारिवारिक विवाद में माता-पिता, पत्नी और बेटी की हत्या, आरोपी ने जुर्म कबूला।
एटा। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला प्रेमी में सोमवार को हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक गंगा सिंह का बेटा कमल सिंह ही मुख्य आरोपी निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने पिता गंगा सिंह, मां श्यामा देवी, पत्नी रत्ना और बेटी ज्योति की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार कमल सिंह नशे का आदी था और पारिवारिक विवादों के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।
बताया गया कि घटना के समय घर में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और बेटी मौजूद थीं। वारदात के बाद जब 10 वर्षीय बेटा देवांश स्कूल से लौटा तो घर के अंदर खून से सना दृश्य देखकर वह चीख पड़ा। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
चारों मृतकों का अंतिम संस्कार शहर के भूतेश्वर घाट पर किया गया। आरोपी कमल सिंह को अंतिम संस्कार में नहीं लाया गया। सभी को मुखाग्नि कमल सिंह के बेटे देवांश ने दी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ