टूर्नामेंट का उद्देश्य खेलो इंडिया, फिटनेस और सद्भावना का संदेश देना है, जबकि 26 जनवरी को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
संवाददाता - राकेश गौतम आजमगढ़
आजमगढ़। खेलो इंडिया और फिटनेस के संदेश को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद में पहली बार प्रोफेसर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह अभिनव पहल डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ की ओर से की गई है। टूर्नामेंट का शुभारंभ 25 जनवरी से होगा, जिसमें जनपद के 12 महाविद्यालयों की टीमों के प्रतिभाग करने की संभावना है। डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रेम चंद्र यादव एवं प्रबंधक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट ने इस पहल का स्वागत करते हुए आयोजन को हर स्तर पर सहयोग देने की बात कही। प्रबंधक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षकों द्वारा खेल अनुशासन, सद्भावना और फिटनेस का संदेश देने के लिए यह प्रयास सराहनीय है, जो छात्र-छात्राओं और समाज के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। आयोजकों के अनुसार, अब तक 12 टीमों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें मेजबान डीएवी पीजी कॉलेज के साथ शिब्ली कॉलेज, गांधी पीजी कॉलेज मालटारी, गांधी शताब्दी कॉलेज कोयलसा, दुर्गाजी कॉलेज चंडेश्वर, शिवा पीजी कॉलेज तेरही, श्रीकृष्ण गीता कॉलेज लालगंज, त्रिवेणी स्मारक कॉलेज बरदह, राजकीय महाविद्यालय अंबारी, अहिरौला और मोहम्मदाबाद की संयुक्त टीम तथा महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के अतिथि प्रवक्ताओं की टीम शामिल है।
25 जनवरी को पूल के आधार पर नॉकआउट मैच खेले जाएंगे, जबकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर प्रोफेसरों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
0 टिप्पणियाँ