सिंहपुर धन्नी गांव में भावी प्रधान प्रत्याशी अमर सिंह उर्फ सनी सिंह ने 300 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
जनसेवा को उद्देश्य बताते हुए उन्होंने गांव के विकास के लिए कई योजनाएं लागू करने का भरोसा दिलाया।
संवाददाता- राकेश गौतम
आजमगढ़। जनपद के सिंहपुर धन्नी गांव में प्रधान पद के भावी प्रत्याशी अमर सिंह उर्फ सनी सिंह द्वारा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने घर-घर जाकर करीब 300 कंबलों का वितरण किया, जिससे जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके। इस सामाजिक पहल की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान अमर सिंह उर्फ सनी सिंह ने कहा कि सेवा ही उनका मूल उद्देश्य है और वे हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनके दादा और पिता भी समाजसेवा से जुड़े रहे हैं और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे लगातार जनसेवा के कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनके घर पर आज तक गेट नहीं लगाया गया है, ताकि कोई भी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति बिना झिझक उनसे मिल सके। उनका मानना है कि सेवा के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहने चाहिए।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया था, जिसमें लगभग 200 मरीजों की जांच हुई थी। इनमें से 70 गंभीर मरीजों का इलाज उनके व्यक्तिगत प्रयास से कराया गया, जिससे कई लोगों को नई रोशनी मिली।
उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि किसी भी परेशानी में वे उन्हें अपना भाई समझकर याद करें, वे 24 घंटे सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही कहा कि यदि जनता उन्हें प्रधान पद की जिम्मेदारी देती है तो गांव के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाओं को अमल में लाया जाएगा।
अमर सिंह उर्फ सनी सिंह ने अपने प्रस्तावित विकास कार्यों में अमृत सरोवर निर्माण, पार्क व खेल मैदान, गरीब लड़कियों के लिए शादी अनुदान, डिजिटल लाइब्रेरी, बच्चों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं और बुजुर्गों के लिए बैठने की व्यवस्था जैसी योजनाओं को शामिल करने की बात कही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रमुख रूप से पंकज वर्मा, हिमांशु वर्मा, मुनव्वर खान, आशु सिंह, धर्मेंद्र चौरसिया, विजय चौरसिया, गुड्डू विश्वकर्मा, बबलू विश्वकर्मा, रिंकू मौर्य, अंकुर सिंह, फरीद अहमद, इंद्रासन गौड़, भग्गू राम, अवनीश राम सहित कई सम्मानित ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अमर सिंह उर्फ सनी सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 टिप्पणियाँ