आजमगढ़ के बेलइसा मंडी में प्रयास ने महाखिचड़ी भोज का आयोजन किया, जिसमें करीब 1500 लोगों ने हिस्सा लिया। शुभारंभ मंडी सचिव सभानंद तिवारी ने किया।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। सामाजिक संगठन प्रयास द्वारा बेलइसा मंडी परिसर में सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से कुंभ सरीखे महाखिचड़ी भोज एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के हर तबके के लगभग 1500 लोगों ने सहभागिता कर खिचड़ी भोज का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडी सचिव सभानंद तिवारी ने किया। खिचड़ी भोज में पहुंचे मंडी सचिव सभानंद तिवारी ने प्रयास द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाजहित में अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने स्वयं लोगों की थालियों में खिचड़ी परोसकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष शम्भु दयाल सोनकर ने खिचड़ी के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व सह-अस्तित्व और एकता का प्रतीक है। जिस प्रकार खिचड़ी में विभिन्न खाद्य पदार्थ मिलकर एकरूप और पौष्टिक स्वरूप धारण करते हैं, उसी प्रकार समाज में भी सभी वर्गों को मिल-जुलकर रहना चाहिए। वहीं राणा बलवीर सिंह ने बताया कि यह महाखिचड़ी भोज समाज के सभी वर्गों से एकत्रित किए गए अनाज से तैयार किया गया है। इस आयोजन के माध्यम से ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों पर करारा प्रहार करते हुए समाज को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जब सभी जाति और वर्ग एकजुट रहेंगे, तभी समाज और देश प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष भरत प्रसाद, रामसरण सोनकर उर्फ पप्पू, रणजीत सिंह, डॉ. बीरेंद्र पाठक, चंदू प्रजापति, विशाल यादव, संतोष सोनकर, राजेश सोनकर, राजेश सिंह, इंजी. सुनील यादव, संजीव राय, हंसराज, शिव प्रसाद पाठक, इंजी. अमित यादव, राजीव शर्मा, आदित्य आजमी, मीरा चौहान, रेनू राय सहित बड़ी संख्या में कृषक, ठेला चालक, पल्लेदार एवं मजदूर उपस्थित रहे और खिचड़ी भोज का आनंद लिया।
0 टिप्पणियाँ