संवाददाता -धीरज वर्मा चौक आजमगढ़।
आजमगढ़ : जनपद में महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर महाराणा प्रताप सेना द्वारा हरिओध कला केंद्र में राष्ट्रीय सम्मेलन “पराक्रम” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर 351 सेनानियों व उनके परिजनों को महाराणा प्रताप का चित्र, स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। आगंतुकों का स्वागत हल्दीघाटी की मिट्टी से तिलक लगाकर किया गया।
मुख्य अतिथि प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन स्वाभिमान, सनातन मूल्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने हल्दीघाटी युद्ध और चेतक की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में स्वाभिमान की रक्षा का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहा है।
एमएलसी विजय बहादुर पाठक और डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह ने महाराणा प्रताप को आत्मसम्मान और नेतृत्व का प्रतीक बताया। भाजपा नेता अखिलेश मिश्र ‘गुड्डू’ ने शीघ्र ही आजमगढ़ में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की बात कही। वहीं मैक्सवेल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. के. एन. पाण्डेय ने महाराणा प्रताप सेना को एक एंबुलेंस भेंट की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट शत्रुध्न सिंह ने की, संचालन डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने किया। सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोक गायक शैलेंद्र सिंह ‘बादल’ की टीम ने जोश भर दिया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ