आजमगढ़ : ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से अधेड़ की मौत, अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर उठे सवाल!

ग्रामीणों ने फरिहा क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संवाददाता-अबुल कैश निज़ामबाद 
आजमगढ़ : जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फत्तनपुर में सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फत्तनपुर निवासी अबरार अहमद (45) पुत्र फखरुद्दीन अहमद के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार अबरार अहमद किसी काम से निजामाबाद बाजार गए थे।
 बाजार से लौटते समय फत्तनपुर तिराहे पर टेंपो से उतरकर फरिहा–निजामाबाद रोड पार कर रहे थे, तभी फरिहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ईंट लदे आइसर ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल रानी की सराय ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि फरिहा क्षेत्र में दर्जनों ईंट-भट्ठों पर बिना रजिस्ट्रेशन के ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़कों पर दौड़ रहे हैं। आरोप है कि कई वाहन चालक बिहार, रांची और झारखंड के रहने वाले हैं, जिनके पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही वाहनों के जरूरी कागजात। इसके बावजूद खुलेआम सड़कों पर इनका संचालन हो रहा है, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।
मृतक के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें से एक पुत्री की शादी हो चुकी है। वहीं, इस संबंध में निजामाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ