ठंड से बचाव बना मौत का कारण: बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोया परिवार, दो मासूमों की मौत, तीन की हालत गंभीर!

— ब्यूरो प्रमुख: योगेश कुमार (मेरठ)
मुरादाबाद। ठंड से बचने के लिए किया गया एक छोटा-सा उपाय एक परिवार के लिए भीषण त्रासदी बन गया। छजलैट थाना क्षेत्र में बंद कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सोने से दम घुटने के कारण 6 वर्षीय शिफान और 2 वर्षीय आयरा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता जावेद, मां शाइस्ता और 4 वर्षीय बेटा आहिल गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार जावेद अपने परिवार के साथ एक ही कमरे में रहता था। शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कमरे के भीतर कोयले की अंगीठी जलाई गई। कुछ देर तक सभी ने अंगीठी से हाथ सेंके और फिर उसी कमरे में सो गए। बंद कमरे में अंगीठी से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस धीरे-धीरे कमरे में भरती चली गई, जिससे सभी बेहोश हो गए। शनिवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा धकेलकर खोला गया, क्योंकि वह अंदर से बंद नहीं था। अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। कमरे में मौजूद सभी पांचों लोग बेहोशी की हालत में पड़े थे।
आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिफान और आयरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जावेद, शाइस्ता और आहिल की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। जावेद के भाई गयासुद्दीन ने बताया कि रात में किसी को भी किसी तरह की परेशानी का अंदेशा नहीं था। ठंड अधिक होने के कारण अंगीठी जलाई गई थी, लेकिन यही जानलेवा साबित हो गई। सुबह जब सभी को बेहोश देखा गया तो तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक दो मासूमों की सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं डॉक्टरों ने इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों से अपील की है कि ठंड के मौसम में बंद कमरों में अंगीठी, कोयला या हीटर जलाकर कभी न सोएं, क्योंकि इससे निकलने वाली जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है। यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और जागरूकता की कमी का खतरनाक उदाहरण बनकर सामने आया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ