अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
आजमगढ़। शहर के नरौली स्थित प्रयास के मंडल कार्यालय पर महान योद्धा महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके त्याग, बलिदान और अदम्य पराक्रम को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष राणा बलबीर सिंह ने महाराणा प्रताप को मातृभूमि के सम्मान और स्वाधीनता के लिए जीवन समर्पित करने वाला महान राष्ट्रनायक बताया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और स्वराज के प्रति अडिग संकल्प की अनुपम मिसाल है। हल्दीघाटी का युद्ध और चेतक की वीरता आज भी देशभक्ति की भावना को जागृत करती है। वहीं अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका संघर्ष अन्याय के सामने न झुकने और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए हर त्याग स्वीकार करने की सीख देता है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ महाराणा प्रताप को नमन करते हुए किया गया। इस अवसर पर डीएन सिंह, इंजीनियर सुनील यादव, इंजीनियर अमित यादव, विजय प्रताप सिंह, राहुल सिंह, वर्षम सिंह, आलोक सिंह, अजीत प्रताप सिंह, राकेश सिंह सहित कई लोग उपस्थिति रहे।
0 टिप्पणियाँ