बड़ी खबर :CTET में शामिल होगी मैथिली भाषा, प्रस्ताव को मिली मंजूरी!

डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि CTET में मैथिली के शामिल होने से अब मैथिली भाषी अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी मातृभाषा में अवसर मिलेगा! 
दरभंगा/नई दिल्ली। मैथिली भाषी अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) में मैथिली भाषा को शामिल करने का प्रस्ताव पास हो गया है। यह निर्णय राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की बैठक में लिया गया, जिसे मिथिला और दरभंगा सहित बिहार–झारखंड के लाखों युवाओं के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
इस संबंध में दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने इसे मैथिली भाषा और संस्कृति के लिए गर्व का क्षण बताया। डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि CTET में मैथिली के शामिल होने से अब मैथिली भाषी अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी मातृभाषा में अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षक बनने का रास्ता और आसान होगा। इससे न सिर्फ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि मैथिली भाषा को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
NCTE के इस फैसले के बाद बिहार और झारखंड के मैथिली भाषी युवाओं में खुशी की लहर है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह कदम भाषाई समावेशन और समान अवसर की दिशा में एक मजबूत पहल है।
👉 बिहार और झारखंड की ऐसी ही ताज़ा और बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ