भीषण सड़क हादसा: ट्रक और पिकअप की भिड़ंत में दो की मौत, 21 घायल।

ब्यूरो प्रमुख - योगेश कुमार 
मुजफ्फरनगर। जनपद स्थित रतनपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। जानसठ से मजदूरों को लेकर मेरठ जा रही एक पिकअप गाड़ी को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक (ट्रोले) ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:00 बजे जानसठ निवासी मजदूर एक पिकअप में सवार होकर रतनपुरी के रास्ते मेरठ में खेत पर काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जानसठ निवासी ताराचंद और रामचंद्र की मौके पर ही जान चली गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को तुरंत खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचायासीएचसी खतौली के सीनियर डॉक्टर अमित भरु ने बताया कि अस्पताल में कुल 23 लोग लाए गए थे, जिनमें से दो की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। घायलों में से 17 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ और बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शेष 4 घायलों का उपचार खतौली सीएचसी में ही किया जा रहा हैहादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। वहीं, खतौली सीएचसी पहुंचे पीड़ित परिजनों ने उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और नियमानुसार सहायता व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ