ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में सोमवार शाम एक लिफ्ट के अचानक बीच में बंद हो जाने से उसमें चार लोग अंदर फंस गए जिनमें से तीन लोगों की तबियत खराब हो गयी। जानकारी के अनुसार यहां एल-9 टावर की लिफ्ट में फंसे लोगों की मदद के लिए चीखने चिल्लाने की वजह से समय अफरा-तफरी मच गई। बंद लिफ्ट में करीब आधे घंटे तक फंसे रहने के कारण एक बच्चे, एक बुजुर्ग और एक महिला की तबीयत खराब हो गई। घटना के बाद परिजनों ने सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।ये चारों लोग एक फ्लैट से नीचे जा रहे थे तभी लिफ्ट अचानक झटके के साथ रुक गई। काफी देर तक लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला और अंदर फंसे लोगों को घुटन महसूस होने लगी। बताया जा रहा है कि अंदर मौजूद बच्चे की तबीयत पहले बिगड़ी, जिसके बाद बुजुर्ग और महिला को भी चक्कर और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों ने तुरंत सोसाइटी में तैनात मेंटेनेंस स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट को मैनुअली खोला गया और सभी को बाहर निकाला गया। एहतियातन तीनों को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया।सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि यदि परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दी जाती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सोसाइटी प्रबंधन ने तकनीकी खराबी की बात स्वीकार करते हुए कहा कि लिफ्ट की नियमित सर्विसिंग कराई जाती है और घटना की जांच कर दोषी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ