आईसीएसएसआर के सहयोग से आज़मगढ़ विश्वविद्यालय की प्रथम दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 27–28 मार्च को।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के बुनकर समुदाय पर जीएसटी सुधारों के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर होगा राष्ट्रीय मंथन।
डीएवी पीजी कॉलेज में देशभर के विद्वान प्रस्तुत करेंगे शोधपत्र।
आज़मगढ़। बौद्धिक समाज में संगोष्ठियों और सेमिनारों के माध्यम से विविध विषयों पर होने वाला वैचारिक चिंतन समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। इसी क्रम में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के अधीन, भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से पहली बार एक दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन आगामी 27 एवं 28 मार्च को नगर के प्रतिष्ठित डीएवी पीजी कॉलेज के नवीन स्मार्ट सेमिनार हॉल में किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय “पूर्वी उत्तर प्रदेश के बुनकर समुदाय पर जीएसटी सुधारों का सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव” रखा गया है। संगोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों से आए राष्ट्रीय स्तर के विद्वान, प्रोफेसर एवं शोधार्थी अपने शोधपत्रों और विचारों के माध्यम से बुनकर समुदाय के जीवन, आजीविका तथा सरकारी नीतियों के प्रभावों का गहन वैचारिक मूल्यांकन करेंगे। संगोष्ठी के संयोजक एवं इतिहास विभाग के प्रोफेसर प्रो. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन के उद्घाटन सत्र में प्रो. संजीव कुमार, माननीय कुलपति, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आज़मगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता प्रो. संजीत कुमार, माननीय कुलपति, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया करेंगे। तकनीकी सत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठित विद्वान अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। संगोष्ठी के निदेशक एवं इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. सौम्य सेनगुप्ता ने इस आयोजन को विश्वविद्यालय और डीएवी कॉलेज के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि बुनकर समुदाय की सामाजिकी और आर्थिकी पर यह अध्ययन शासकीय सुधारों के लिए प्रामाणिक फीडबैक प्रदान करेगा, जो भविष्य में नीतिगत दिशा तय करने में सहायक होगा। संगोष्ठी के संरक्षक प्राचार्य प्रो. प्रेम चंद्र यादव एवं प्रबंधक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने इसे महाविद्यालय की उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि बताते हुए आयोजन को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। संगोष्ठी के सह-संयोजक डॉ. सर्वेश कुमार, सहायक आचार्य (कृषि अर्थशास्त्र), चंडेश्वर पीजी कॉलेज हैं। आयोजन सचिव के रूप में डीएवी पीजी कॉलेज के प्रो. अनिल कुमार, प्रो. राकेश यादव, प्रो. शिल्पा त्रिपाठी, प्रो. प्रकाश चंद, प्रो. दिनेश तिवारी, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र यादव एवं डॉ. अमित सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन समिति से जुड़े समस्त शिक्षकों ने संकाय सदस्यों, छात्रों, छात्राओं एवं शोधार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर संगोष्ठी को सफल बनाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ