आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामिया हिस्ट्रीशीटर गो-तस्कर घायल होकर गिरफ्तार।

पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली।
तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद, दो आरोपी फरार।
आजमगढ़। जनपद के थाना रानी की सराय क्षेत्र में पुलिस और शातिर गो-तस्करों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामिया और हिस्ट्रीशीटर गो-तस्कर नसीम उर्फ लम्बू गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,24 फरवरी 2026 की रात थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर पशु तस्कर अवैध हथियारों के साथ मोटरसाइकिल से सोनवारा से बड़ैला ताल की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने छैला इनार तिराहे पर चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।https://www.facebook.com/share/v/1CKanfGkwp/ पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी सरसों की फसल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल बदमाश की पहचान नसीम पुत्र दिलशेर, निवासी ग्राम कोटिला, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी रानी की सराय भेजा गया। मौके से एक देशी तमंचा .315 बोर, खोखा कारतूस, जिंदा और मिस कारतूस के साथ बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार नसीम एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ आजमगढ़ और आसपास के जिलों में चोरी, पशु तस्करी, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास सहित 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रानी की सराय में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ