ऐतिहासिक होगा शिक्षक संघ का मंडलीय सम्मेलन — जिला अध्यक्ष हिमांशु राय

सम्मेलन में वर्तमान समय में माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं, साथ ही माध्यमिक शिक्षा की दिशा और दशा पर गंभीर विमर्श किया जाएगा। 
मऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) द्वारा मंडलीय सम्मेलन एवं शैक्षिक विचार गोष्ठी का आयोजन मऊ जनपद के ए. एल. नोमानी इंटर कॉलेज में 3 फरवरी, मंगलवार को प्रातः 10:00 बजे से किया जा रहा है। सम्मेलन को ऐतिहासिक बताते हुए जिला अध्यक्ष हिमांशु राय ने कहा कि यह कार्यक्रम माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। सम्मेलन की तैयारियों के क्रम में जिला अध्यक्ष हिमांशु राय के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आजमगढ़ के संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक से भेंट कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा और सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया। हिमांशु राय ने अपने बयान में बताया कि आजमगढ़ जनपद से सैकड़ों शिक्षक इस सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षक विधायक श्री चेतनारायण सिंह होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद, बीएचयू के शिक्षा संकाय के विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता तथा जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय, छपरा के पूर्व कुलपति प्रोफेसर हरिकेश सिंह उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में वर्तमान समय में माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं, साथ ही माध्यमिक शिक्षा की दिशा और दशा पर गंभीर विमर्श किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले सभी शिक्षकों को आजमगढ़ के संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा एक दिन का विशेष अवकाश स्वीकृत किया गया है। जिला मंत्री डॉ. रविशंकर सिंह ने बताया कि जिले के अनेक विद्यालयों में शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन न केवल शिक्षकों की आवाज को मजबूती देगा, बल्कि शिक्षा जगत में सकारात्मक बदलाव की दिशा भी तय करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ