आजमगढ़ : सरायमीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में दो गोतस्कर घायल गिरफ्तार, प्रतिबंधित पशु व हथियार बरामद।

पुलिस की आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में दो गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
आजमगढ़ : के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार देर रात दीदारगंज–सरायमीर मार्ग पर चेकिंग और गश्त के दौरान पुलिस ने गोकशी की नीयत से पिकअप वाहन में प्रतिबंधित पशु ले जा रहे बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में दो गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान रफीक उर्फ टोनी पुत्र रसीद निवासी डेमरी मकदुमपुर थाना सरायमीर और राहुल यादव पुत्र दिनेश यादव निवासी गरावपुर थाना दीदारगंज के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी फूलपुर भेजा गया है। पूछताछ में घायलों ने पूर्व में डेमरी मकदुमपुर गांव में हुई गोकशी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और फरार आरोपियों सलमान और मन्नान समेत अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिकअप वाहन, एक प्रतिबंधित पशु, दो अवैध तमंचे, कारतूस, नगद धनराशि और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित रूप से जौनपुर बॉर्डर से प्रतिबंधित पशुओं को लाकर गोकशी कर अवैध मांस की बिक्री करता था। मामले में सरायमीर थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ