आजमगढ़ में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, मचा कोहराम।

रौनापार–लाटघाट मार्ग पर सुदनीपुर के पास हुआ हादसा।
भास्कर सिंह/रौनापार/आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटघाट–रौनापार मार्ग पर सुदनीपुर के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम-
मिली जानकारी के अनुसार रोशनगंज गांव निवासी मनोज यादव (उम्र लगभग 30 वर्ष), पुत्र सुरेश यादव, शनिवार की शाम जीयनपुर में अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुदनीपुर के पास पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में मनोज यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों द्वारा उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन शनिवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी मनीषा और मां जादी देवी सहित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
रविवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ