भंवरनाथ मंदिर में अलसुबह से जलाभिषेक, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा परिसर।
मनीष कुमार/आजमगढ़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद आजमगढ़ पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। नगर की सरहद पर आजमगढ़–फैजाबाद राजमार्ग स्थित प्रसिद्ध भंवरनाथ मंदिर में तड़के भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने जल, दूध, दही, घी, शहद और बेलपत्र अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधिवत अभिषेक किया। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, रोग मुक्ति और मनोकामना पूर्ति के लिए पूजा-अर्चना करते दिखे। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए मंदिर समिति द्वारा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई, वहीं पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
जनपद के 10 प्रमुख शिवालयों में उमड़ी आस्था, दिनभर लगा रहा भक्तों का तांता-
दुर्वासा धाम से लेकर मेंहनगर तक शिवालयों में विशेष पूजा, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम भंवरनाथ मंदिर के साथ-साथ जनपद के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी सुबह से देर रात तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। प्रमुख रूप से दुर्वासा धाम शिव मंदिर, चंडिका मंदिर शिवालय, कोल्हुआनाथ शिव मंदिर, मुरारपुर शिव मंदिर, सिधारी शिव मंदिर, रानी की सराय शिव मंदिर,
मेंहनगर शिव मंदिर, नरौली शिव मंदिर सहित कुल 10 प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कई मंदिरों में विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। भक्ति, आस्था और व्यवस्था का दिखा संगम शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल, होमगार्ड और स्वयंसेवक लगातार तैनात रहे। जगह-जगह बैरिकेडिंग, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई थी। पूरे जनपद में महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। दिनभर आजमगढ़ की फिजा में शिवभक्ति की गूंज सुनाई देती रही, जिसने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।
0 टिप्पणियाँ