तमसा तट पचपेड़वा घाट पर बेल व अशोक के पौधे लगाकर OPS के समर्थन में संकल्प।
आजमगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तमसा तट स्थित पचपेड़वा घाट पर शिवजी के नाम बेल का पौधा तथा पुरानी पेंशन के नाम अशोक का पौधा रोपित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पेंशन पुरुष विजय कुमार बंधु ने किया।
‘जब तक OPS बहाल नहीं, तब तक जारी रहेगा पौधारोपण के जरिए संघर्ष’
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक इसी तरह पौधारोपण के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की जाती रहेगी। जिला महामंत्री ओंकार नाथ ने बताया कि भोलेनाथ के मंदिर पर सभी ने शपथ ली है कि अपने हक की लड़ाई के लिए OPS की मांग लगातार की जाएगी और यह मांग देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री तक उठती रहेगी।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने कहा कि वृक्षारोपण के जरिए मांग को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यालय सचिव सुनील सिंह ने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ हमारे सबसे अच्छे मित्र हैं और पृथ्वी को हरा-भरा रखते हैं। बृजेश चौहान ने कहा कि पेड़ हमें ऑक्सीजन देते हैं, इसलिए इन्हें घर के आसपास अवश्य लगाना चाहिए।
इस अवसर पर महेंद्र कुमार शर्मा, अखिलेश कुमार यादव, आशीष सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम 15 फरवरी 2026, रविवार को तमसा तट पचपेड़वा घाट, जनपद आजमगढ़ में संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ