शिकायत के बाद जमा हुआ आंशिक भुगतान, रिकॉर्ड में समय-रेखा को लेकर उठे प्रश्न।
आजमगढ़। मुबारकपुर नगरपालिका में कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ और ईएसआईसी की कटौती कर समय पर जमा न किए जाने के मामले में खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने नोटिस जारी किया था। इसके क्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया है, जिसमें ईपीएफ और ईएसआईसी से जुड़े विवरण उपलब्ध कराए गए हैं।
हालांकि, आरोप है कि औपचारिक शिकायत के बाद ही संबंधित फर्म ने कर्मचारियों के खातों में आंशिक राशि जमा की।
ईपीएफ–ईएसआईसी भुगतान में अंतर, कर्मचारियों की संख्या पर भी असमानता-
उपलब्ध कराए गए अभिलेखों के अनुसार ईपीएफ का भुगतान 27 सितंबर 2025 से दर्शाया गया है, जबकि इस विषय में शिकायत 14 सितंबर 2025 को आईजीआरएस के माध्यम से दर्ज की गई थी। इसके बाद 25 सितंबर को ईओ द्वारा टेंडर धारक को नोटिस जारी किया गया। बताया गया कि टेंडर धारक ने नवंबर तक कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ की कटौती कर तथा नगर पालिका से प्राप्त धन के साथ कुल राशि एकत्र की, लेकिन उसी अवधि में कर्मचारियों के ईपीएफ खातों में अपेक्षाकृत कम राशि ही जमा की गई।
बताया गया है कि संबंधित फर्म ने मार्च 2025 से मार्च 2026 तक 294 कर्मचारियों के लिए ठेका लिया था, जबकि वर्तमान में 313 कर्मचारी कार्यरत बताए जा रहे हैं। इसी अवधि में कर्मचारियों के वेतन से ईएसआईसी की 0.75 प्रतिशत मासिक कटौती की गई, परंतु समय पर जमा नहीं की गई। शिकायत सामने आने के बाद टेंडर लेने वाली फर्म कॉंटिनेंटल सिक्योरिटी सर्विसेज के संचालक द्वारा केवल जनवरी 2026 की ईएसआईसी राशि जमा की गई। दिसंबर माह में ईपीएफ जमा किए जाने की बात कही गई है, लेकिन उसकी सटीक राशि का उल्लेख रिकॉर्ड में स्पष्ट नहीं है। प्रशासनिक स्तर पर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।
0 टिप्पणियाँ