आजमगढ़ : राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी रानी की सराय ब्लॉक पहुंचीं, महिलाओं से किया संवाद।

अधिकारियों-कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर।
संवाददाता - अबुल कैश फैजी
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी मंगलवार को अपने पहले दौरे पर रानी की सराय ब्लॉक पहुंचीं। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राजकिशोर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूह की सखियों और बैंक सखियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए।
महिलाओं को जागरूक करते हुए चारू चौधरी ने कहा कि बाल विवाह रोकथाम में समाज की, खासकर महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि यदि आसपास या पड़ोस में कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो उसे रोकने का प्रयास करें और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए राज्य महिला आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में मौजूद बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ ने कहा कि देश के विकास में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि महिलाएं सशक्त और जागरूक होंगी तो देश और समाज दोनों मजबूत होंगे।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राजकिशोर सिंह सहित ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम और बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं मौजूद रहीं। इस दौरान कई वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे और चारू चौधरी के कार्यों की सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ