ई-मेल से मिली सूचना के बाद खाली कराया गया दीवानी न्यायालय।
बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड ने की सघन जांच, तारीखें स्थगित, दहशत का माहौल, 21 फरवरी तक कार्यवाही स्थगित।
संवाददाता -धीरज वर्मा आजमगढ़
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को पूरे शहर में सनसनी फैल गई। ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। एहतियातन कचहरी परिसर को तत्काल खाली कराते हुए अदालतों में चल रही सभी कार्यवाहियों को रोक दिया गया।आजमगढ़ कचहरी परिसर को उड़ाने की धमकी, प्रशासन अलर्ट।
सूचना के बाद अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, वादकारियों और मौजूद आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बाहर निकाला गया। सुरक्षा कारणों से न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए और आमजन की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की घेराबंदी कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम ने न्यायालय के कक्षों, रिकॉर्ड रूम, बार एसोसिएशन कक्ष, अधिवक्ताओं के चैंबर और वाहन पार्किंग सहित पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। आसपास के इलाकों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अचानक मिली धमकी से कचहरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता और वादकारी बाहर एकत्र हो गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
सुरक्षा कारणों के चलते न्यायालय की सभी निर्धारित तारीखें 21 फरवरी तक स्थगित कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने और परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही नियमित न्यायिक कार्यवाही शुरू होगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, जबकि पुलिस की साइबर टीम ई-मेल के स्रोत और धमकी के पीछे की मंशा की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ