पीड़ित व्यापारियों का आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट के साथ लूटपाट की भी कोशिश की।
ब्यूरो प्रमुख - योगेश कुमार
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए, जहां बाजार के अंदर घुसकर व्यापारियों के साथ जमकर मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि कार से आए करीब 8 बदमाशों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाया और वहां मौजूद व्यापारियों पर हमला कर दिया।
पीड़ित व्यापारियों का आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट के साथ लूटपाट की भी कोशिश की। इस हमले में दो व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने जाते-जाते व्यापारियों को गोली मारने की धमकी भी दी, जिससे पूरे बाजार में दहशत का माहौल फैल गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा
0 टिप्पणियाँ