आजमगढ़ : सब्जी विक्रेता की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग, परिवार बाल-बाल बचा, वीडियो सीसीटीवी में कैद।

पुरानी रंजिश में बदमाश ने जान से मारने की नीयत से चलाईं तीन गोलियां।
सीसीटीवी में कैद वारदात, दहशत में पीड़ित परिवार, आरोपी फरार।
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलनाडिह गांव में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक दबंग बदमाश ने सब्जी व किराना दुकानदार पर जान से मारने की नीयत से लगातार तीन गोलियां चला दीं। घटना शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की तड़तड़ाहट से दुकानदार और उसका पूरा परिवार दुकान छोड़कर भीतर बने आवास में भागकर किसी तरह जान बचाने में सफल रहा।
पीड़ित सोनू मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय ने बताया कि उनकी दुकान में ही परिवार के साथ निवास है। आरोप है कि राणा सिंह पुत्र दुर्ग विजय सिंह बिना कुछ कहे अचानक दुकान पर आया और सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना से पूरा परिवार और आसपास के लोग बुरी तरह दहशत में हैं। पीड़ित का कहना है कि करीब छह महीने पहले भी आरोपी दुकान पर चढ़ आया था और गाली-गलौज व धमकी देकर परिवार को डराया था। उस समय किसी तरह मामला बढ़े नहीं, इस डर से पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। आरोप है कि उसी रंजिश को लेकर बदमाश ने इस बार सीधे जान लेने की कोशिश की।
घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी धमकी देता हुआ फरार हो चुका था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश देने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई। भयभीत दुकानदार ने दुकान बंद कर परिवार के साथ रात घर के अंदर ही बिताई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी द्वारा मोबाइल के जरिए जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे वे और अधिक सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि खुलेआम फायरिंग करने वाले बदमाशों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं है। अब देखना यह है कि योगी आदित्यनाथ की सख्त कानून-व्यवस्था के दावों के बीच आजमगढ़ पुलिस कब तक आरोपी को पकड़कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिला पाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ