ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह के नेतृत्व में जागरूकता रैली, डिवाइडर पर लगाए गए सैकड़ों पौधे।
बाजारवासियों से पौधों की देखभाल की अपील, दूसरे चरण की भी बनी योजना।
संवाददाता -अबुल कैश निजामाबाद
निजामाबाद/आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत रानी की सराय ब्लॉक में सोमवार को व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान कशीदास मंदिर से रानी की सराय थाना मार्ग के डिवाइडर पर सघन पौधरोपण किया गया।
अभियान के तहत ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ब्लॉक कर्मचारियों ने हाथों में “स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा रानी की सराय” लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता रैली निकाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के बाद मार्ग के डिवाइडर पर पौधे रोपे गए, जिससे पूरा क्षेत्र हरियाली के रंग में रंगता नजर आया।
ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह ने बताया कि यह वृक्षारोपण नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया जा रहा है। पहले चरण में एक किलोमीटर तक डिवाइडर पर पौधरोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में बेलईसा से कोटिला टूल्टेक्स तक डिवाइडर पर प्रकाश व्यवस्था के साथ वृक्षारोपण करने की योजना है।
उन्होंने बाजारवासियों से अपील की कि अपने घरों के सामने लगाए गए पौधों की स्वयं देखभाल करें और समय-समय पर उनकी सिंचाई करते रहें। साथ ही बताया कि शुरुआती कुछ दिनों तक ब्लॉक कर्मचारियों द्वारा सुबह-शाम पौधों की सिंचाई कराई जाएगी, इसके बाद आमजन से पौधों की सुरक्षा और संरक्षण में सहयोग की अपेक्षा की जाएगी।
कार्यक्रम में बीडीओ रानी की सराय राज किशोर सिंह, एडीओ पंचायत संदीप राजबीर, वरिष्ठ भाजपा नेता हनुमान गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद सिंह, ग्राम प्रधान संतोष गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेन्द्र नाथ मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह ने वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ