आजमगढ़ में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप।

दहेज उत्पीड़न और घरेलू कलह की आशंका, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव।
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजेंधर पट्टी भेदौरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक गजेंधर पट्टी निवासी दिलीप प्रजापति की शादी 10 मई 2025 को अहरौला थाना क्षेत्र के धनेज पट्टी खजुरी गांव की अंजली प्रजापति से हुई थी। शादी के बाद से ही अंजली ससुराल में रह रही थी। सोमवार की रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने की बात कही गई, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के बाद से अंजली को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के परिजनों का कहना है कि मानसिक दबाव के साथ-साथ उसे शारीरिक रूप से भी परेशान किया जाता था। इसके अलावा पति के किसी अन्य युवती से कथित संबंधों को लेकर भी घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी। परिजनों के अनुसार उन्हें फोन के माध्यम से मौत की सूचना दी गई। जब वे ससुराल पहुंचे तो अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, जिससे उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मायके वालों ने पति, सास और ससुर पर अंजली की मौत में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ