परिवार परामर्श प्रकोष्ठ की बैठक में आपसी सहमति से एक विवाद का निपटारा।
आजमगढ़। जनपद में पारिवारिक विवादों को सुलझाने की दिशा में पुलिस प्रशासन की सराहनीय पहल एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार को थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण में आयोजित बैठक के दौरान एक दांपत्य विवाद को आपसी सहमति से सुलझा लिया गया।
यह बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। बैठक के लिए कुल 05 प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों को नोटिस व दूरभाष के माध्यम से बुलाया गया था, जिनमें से 03 मामलों में दोनों पक्ष उपस्थित हुए।
मिडिएशन प्रक्रिया के दौरान एक प्रकरण में लगातार समझाइश, काउंसलिंग और परामर्श के बाद पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद समाप्त कराया गया। इस मामले में आवेदिका द्वारा पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट व भरण-पोषण न देने के आरोप लगाए गए थे। दोनों पक्षों की संयुक्त एवं अलग-अलग काउंसलिंग कराकर आपसी सहमति बनाई गई और समझौते के बाद दोनों को विदा किया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि 02 प्रकरण माननीय न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण बंद कर दिए गए हैं, जबकि शेष मामलों में अगली तिथि निर्धारित कर आगे मिडिएशन की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नई किरण प्रोजेक्ट का उद्देश्य टूटते परिवारों को फिर से जोड़ना और आपसी संवाद के जरिए विवादों का समाधान करना है, ताकि पारिवारिक न्यायालयों पर बढ़ते बोझ को कम किया जा सके।
इस अवसर पर उ0नि0 सत्यनारायण यादव (प्रभारी, परिवार परामर्श प्रकोष्ठ), आरक्षी जितेंद्र कुमार शाह, आरक्षी सुनील कुमार गुप्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की बैठकों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाता रहेगा, ताकि समाज में सौहार्द और विश्वास बना रहे।
0 टिप्पणियाँ