मेरठ। जनपद के थाना टीपी नगर क्षेत्र की एक कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके असली पिता की मृत्यु के बाद से ही सौतेला पिता उस पर बुरी नजर रखता है और विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका सौतेला पिता उस पर लगातार दबाव बना रहा है कि वह अपने पति के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराए। आरोपी का मकसद दामाद को कानूनी शिकंजे में फंसाकर उससे मोटी रकम वसूलना है। जब युवती ने इस साजिश का हिस्सा बनने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी पिता ने अपना आपा खो दिया और उसके पेट में जोरदार लात मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई।युवती का यह भी आरोप है कि सौतेला पिता लंबे समय से उस पर गंदी नजर रखता आ रहा है। घर के भीतर सुरक्षा मिलने के बजाय उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। पीड़िता के अनुसार, वह अपनी सुरक्षा को लेकर अत्यंत चिंतित है और आरोपी के डर के साये में जीने को मजबूर हैहैरानी की बात यह है कि पीड़िता ने स्थानीय थाना पुलिस पर सुनवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने के बाद अब पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई है और सुरक्षा के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
0 टिप्पणियाँ