दिल्ली हाई कोर्ट का जताया आभार, 30 साल के फिल्मी सफर का किया जिक्र।
कहा– हर कानूनी प्रक्रिया में रहा हूं मौजूद, जांच में पूरा सहयोग करूंगा।
दिल्ली। तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानूनी पहलुओं पर जानकारी के लिए उनके वकील से संपर्क किया जा सकता है, लेकिन एक कलाकार के तौर पर उन्हें देश की जनता का जो प्यार और समर्थन मिला है, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें बॉलीवुड में काम करते हुए करीब 30 साल हो चुके हैं और इस दौरान देश-दुनिया के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उन्हें भरपूर स्नेह दिया। इसी समर्थन के कारण वे 200 से 250 फिल्मों में काम कर सके। उन्होंने कहा कि इंडियन सिनेमा और पूरे देश की जनता उनके साथ थी, है और आगे भी रहेगी।
अभिनेता ने यह भी कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट ने जहां-जहां उन्हें उपस्थित होने का आदेश दिया, वे हर जगह समय पर हाजिर हुए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उन पर कोई भी आरोप है, तो वे जांच एजेंसियों के सामने पूरी तरह उपलब्ध हैं और सहयोग करेंगे।
अपने बयान के अंत में राजपाल यादव ने हाई कोर्ट का आभार जताते हुए कहा, “मुझे सुनने के लिए धन्यवाद।” उनकी रिहाई के बाद फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों में राहत और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ