आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बारातियों की कार खड़े ट्रक से टकराई।

26 वर्षीय युवक की मौत, कई लोग घायल — अहरौला थाना क्षेत्र में तड़के की घटना।
यूपीडा एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल।
आजमगढ़। जनपद में एक बार फिर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। मऊ से सुल्तानपुर लौट रहे बारातियों की कार शनिवार तड़के अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। भीषण टक्कर में सुल्तानपुर निवासी 26 वर्षीय रजत मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी लोग मऊ से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। तड़के के समय अचानक कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों और तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ