आजमगढ़ : मार्टिनगंज तहसील में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, जांच में निकला भ्रामक।

SDM कक्ष में शराब पीने के दावे की सच्चाई आई सामने।
डेढ़ साल पुराना, किसी अन्य स्थान का बताया गया वीडियो।
संवाददाता: दीपक भारती, आजमगढ़
आजमगढ़। जनपद की तहसील मार्टिनगंज से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद तहसील प्रशासन में खलबली मच गई। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा था कि यह मार्टिनगंज तहसील के एसडीएम कक्ष का है, जिसमें शराब पीने से जुड़ा दृश्य दिख रहा है। वीडियो के वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। नायब तहसीलदार द्वारा कराई गई प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो वर्तमान एसडीएम कक्ष का नहीं है। जांच में सामने आया कि यह वीडियो लगभग डेढ़ वर्ष पुराना है और किसी अन्य स्थान का है, जिसे साजिश के तहत मौजूदा समय से जोड़कर प्रसारित किया गया।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि वीडियो में जिस कमरे में टेबल पर शराब और पानी की बोतल दिखाई दे रही है, वह तहसील मार्टिनगंज में तैनात IGRS ऑपरेटर का वर्तमान कार्यालय नहीं है। वीडियो के तेजी से वायरल होने के कारण प्रशासनिक स्तर पर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। इस पूरे मामले पर दिव्या सिकरवार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह वीडियो वर्ष 2024 का है और तहसील परिसर से इसका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा साजिश के तहत इस वीडियो को वर्तमान से जोड़कर वायरल किया गया है। एसडीएम ने कहा कि यह जांच का विषय है कि वीडियो किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया और जांच के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ