आजमगढ़ : रानी की सराय में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, 460 मरीजों को मिला लाभ।

त्यागी होम्योपैथिक फार्मेसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं।
 स्वच्छता, नेत्र रोग व एलर्जी से बचाव पर दिया गया विशेष परामर्श।
संवाददाता - राकेश गौतम 
आजमगढ़। चेकपोस्ट महमूदपुर, रानी की सराय में रविवार, 1 मार्च 2026 को त्यागी होम्योपैथिक फार्मेसी पर एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एच.पी. त्यागी ने किया।
शिविर का शुभारंभ डॉ. नवीन दुबे द्वारा होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को नि:शुल्क इलाज और दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य पर जोर दिया।
शिविर में डॉ. बी. पांडे ने कहा कि यह पहल उन लोगों के लिए है, जो आर्थिक अभाव के कारण उपचार नहीं करा पाते। वहीं डॉ. रणधीर सिंह ने बताया कि शिविर में आए मरीजों को आगे भी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वच्छता पर जोर देते हुए डॉ. गिरीश सिंह ने कहा कि हाइजीन पर ध्यान देकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। नेत्र चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अफजल ने पर्यावरण प्रदूषण के कारण बढ़ रही आंखों की एलर्जी से सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव पांडे ने किया। शिविर के दौरान कुल लगभग 460 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस सेवा कार्य में डॉ. अजय राय, डॉ. नीरज द्विवेदी, डॉ. धीरज श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक राय सहित कई चिकित्सकों ने योगदान दिया। अंत में डॉ. एच.पी. त्यागी ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ