Breking News : वैश्विक तनाव के बीच भारत सतर्क, प्रधानमंत्री मोदी ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक।

मिडिल ईस्ट में युद्ध के हालात बेकाबू, अमेरिका–इजरायल और ईरान आमने-सामने।
जामकरान मस्जिद पर फहराया गया इंतकाम का लाल झंडा, ईरान के बदले के संकेत।
नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त सैन्य कार्रवाई करते हुए ईरान पर भीषण हमले किए हैं, जो लगातार तीसरे दिन भी जारी बताए जा रहे हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी कई देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिससे पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और टकराव तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में हालात युद्ध जैसे बनते जा रहे हैं और वैश्विक राजनीति पर इसका गहरा असर पड़ता दिख रहा है।
दूसरी ओर, ईरान में शीर्ष नेतृत्व से जुड़े घटनाक्रम के बाद तेहरान ने अपने रुख को और आक्रामक बना दिया है। ईरान की जामकरान मस्जिद पर “इंतकाम” का लाल झंडा फहराया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि ईरान पीछे हटने के मूड में नहीं है और संघर्ष लंबा खिंच सकता है।
इन अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के बीच भारत भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। युद्ध के संभावित आर्थिक और राजनीतिक प्रभावों को देखते हुए नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में विदेश नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक मामलों से जुड़े प्रमुख सलाहकारों और वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि बैठक में मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक व्यापार, निवेश और भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों की गहन समीक्षा की जा रही है। साथ ही भारत की कूटनीतिक रणनीति और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी मंथन किया जा रहा है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस अहम बैठक से क्या ठोस निर्णय सामने आते हैं और भारत इस वैश्विक संकट से निपटने के लिए कौन-सी रणनीति अपनाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ