श्याम भक्ति में डूबा आजमगढ़, अठवरिया मैदान में गूंजे श्रद्धा के स्वर।

खाटू श्याम के भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु।
देशभर से आए भजन कलाकारों ने बांधा समां, विशाल भंडारे का हुआ आयोजन।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। शहर के अठवरिया मैदान में रविवार की रात भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नारायणी भजन संध्या एवं श्री श्याम भक्त मंडल का विशेष सहयोग रहा। पूरा परिसर खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आया।
देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जयपुर से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी और उड़ीसा से पधारीं शुभांगी सोनी ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। “सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है” और “हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है” जैसे भजनों पर श्रोता देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं ने विधिवत ज्योति प्रज्वलित कर खाटू श्याम से अपने और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। अठवरिया मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा, जिससे आयोजन की भव्यता स्वतः झलकती रही। कार्यक्रम के साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। भक्ति और उल्लास से सजी यह रात श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ