लखनऊ प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया बड़ा ऐलान।
2007 की तरह अकेले दम पर सरकार बनाने का दावा, बंगला विवाद पर भी सफाई।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने लखनऊ स्थित BSP के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बहुजन समाज पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और चुनाव पूरी मजबूती के साथ अकेले लड़ेगी।
मायावती ने कहा कि गठबंधन की राजनीति से BSP को अतीत में नुकसान उठाना पड़ा है, इसलिए अब पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और संगठनात्मक ताकत के सहारे आगे बढ़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे वर्ष 2007 में BSP ने अकेले चुनाव लड़कर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी, वैसे ही एक बार फिर जनता पार्टी को सत्ता सौंपेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मायावती ने उनके सरकारी बंगले को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लगाया। उन्होंने कहा कि बंगला खाली कराने से जुड़ी खबरें भ्रामक हैं। सुरक्षा कारणों से उन्हें टाइप-8 बंगला आवंटित किया गया था और इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है। मायावती के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई सरगर्मी तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गठबंधन से साफ इनकार कर मायावती ने यह संकेत दे दिया है कि BSP आने वाले चुनावों में पूरी तरह आत्मनिर्भर रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।
0 टिप्पणियाँ