राष्ट्रीय कृष्ण गीता इंटर कॉलेज में हुआ भव्य आयोजन।
गरीब परिवारों की बेटियों के लिए योजना बनी सहारा: उद्धव सिंह सोनू।
संवाददाता - धीरज वर्मा
आजमगढ़। जनपद के लालगंज स्थित राष्ट्रीय कृष्ण गीता इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में कुल 260 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उद्धव सिंह सोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सरकार की बेहद सराहनीय और जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी राकेश चौधरी तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलती है और गरीब बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक संपन्न हो पाती है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए कुल 294 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 260 जोड़ों का विवाह सफलतापूर्वक कराया गया। उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें गरीब बेटियों की शादी में सहयोग करने का अवसर मिला।
ब्लॉक प्रमुख ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियां लाभान्वित हो रही हैं और उनके घर-परिवार बसाने में सरकार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम के अंत में नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर विनोद राजभर, लालगंज बीडीओ, नगर पालिका अध्यक्ष सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ